धीरे-धीरे मैं यह समझने लगा कि बनारस को देखना मात्र एक दृश्य अनुभव नहीं, बल्कि एक अंतर्यात्रा है। इस शहर का हर अंश, हर श्वास, जैसे जीवन की किसी गूढ़ शिक्षा से भरा हुआ था। हर मंदिर की घंटी कोई आस्था नहीं, बल्कि एक स्मरण थी कि मनुष्य चाहे जितना ऊँचा सोच ले, उसे अपने भीतर झाँकने का साहस बनाए रखना होगा। वहाँ की मूर्तियाँ जैसे स्थिर होकर भी जीवित थीं, और उनकी निस्तब्धता यह कहती थी ,“शांति बाहर नहीं, भीतर से जन्म लेती है।” हर मोड़ पर जीवन का कोई अर्थ छिपा था। कभी अचानक खुलती किसी गली में बच्चे खेलते दिखते, उनकी हँसी यह सिखाती थी कि आनंद किसी भव्यता में नहीं, सरलता में है। कभी कोई बुज़ुर्ग धीमे कदमों से चलता दिखता, तो वह मौन सिखा जाता कि धीरे चलने का अर्थ रुकना नहीं होता, बल्कि अनुभव करना होता है।

 और जब मैं घाटों तक पहुँचता, तो लगता जैसे गंगा स्वयं जीवन का सबसे गहरा दर्शन दोहरा रही हो। हर लहर, हर डुबकी यह कहती कि “सब कुछ बहना है, कुछ भी स्थायी नहीं।” यह शहर मृत्यु की भूमि कहलाता है, पर यहाँ हर पल जीवन अपनी सबसे प्रखर रोशनी में चमकता है।क्योंकि जहाँ अंत का बोध हो, वहीं जीवन का मूल्य सबसे अधिक समझ आता है।

        गली-गली में बजते शंखों की आवाज़, धूप की किरणों में झिलमिलाते कण, और शाम को आरती की लौ, ये सब मिलकर जैसे कह रहे हों कि जीवन का अर्थ किसी एक क्षण में नहीं, बल्कि समूचे अनुभव में है। और मैं, एक साधारण छात्र, अब किसी पाठ्यपुस्तक से नहीं, बल्कि इन गलियों, इन मंदिरों और इन घाटों से जीवन का पाठ सीख रहा था। बनारस अब मेरे लिए एक शहर नहीं, बल्कि एक जीवित विद्यालय था ,जहाँ गुरु समय था, और विषय “अस्तित्व की सच्चाई”।

        कभी-कभी जब गंगा किनारे बैठता हूँ, तो लगता है जैसे यह शहर मुझसे प्रश्न कर रहा हो धीरे, बिना शब्दों के, पर बेहद गहराई से।

हवा के हर झोंके में एक सवाल तैरता है ,“कौन ज़्यादा बेबस है, यह किनारा जो चल नहीं सकता, या ये लहरें जो ठहर नहीं सकतीं?” मैं लंबे समय तक उस प्रश्न के साथ बैठा रहता था। शायद मैं भी किसी अर्थ में वही लहर हूँ चलता हूँ, बहता हूँ, पर किसी स्थायित्व की तलाश में हूँ। और शायद यह शहर, यह किनारा वही ठहराव है जिसे मैं भीतर खोज रहा हूँ। कभी सोचता हूँ, इस शहर ने इतने युग देखे, इतनी सभ्यताएँ उठते-गिरते देखीं, फिर भी यह मुस्कराता है, जैसे सब कुछ समझ लिया हो। और मैं? थोड़े-से परिवर्तन में ही टूट जाता हूँ, जैसे अस्तित्व का आधार डगमगा गया हो। 

        कभी-कभी लगता है, क्या बनारस जीवित है, या मैं उस जीवंतता का एक क्षण हूँ? कौन किसे थामे है ..मैं इस शहर को, या यह शहर मुझे?यह गंगा मुझसे अधिक जानती है, क्योंकि वह हर दिन विदाई और मिलन दोनों को एक साथ जीती है। वह बहती है पर रोती नहीं; वह खोती है पर कम नहीं होती। शायद वही तो जीवन है -हर क्षति में एक नया अर्थ खोजना।

         रातों में घाटों की निस्तब्धता में जब दीपक जलते हैं,
तो वे सिर्फ जलते नहीं  मानो मेरे भीतर के अंधकार को देखकर मुस्करा रहे हों। वे कहते हैं, “तुम्हारे भीतर भी एक बनारस है,
जो हर दिन मरकर फिर से जन्म लेता है।” और तब मैं सोचता हूँ क्या हम सब इसी शहर की तरह नहीं हैं?

कुछ अंश स्थिर, कुछ अशांत, कुछ प्रतीक्षा में, कुछ प्रवाह में…
शायद जीवन का सत्य यही है ..
कि हम किनारे और लहर दोनों हैं एक साथ।

आत्मध्याय 1                                                   आत्मध्याय 3